सोनभद्र। जिले में सड़कों की मरम्मत और नए निर्माण को लेकर बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की गई। इस दौरान नई सड़क परियोजनाओं और पुरानी सड़कों की मरम्मत पर चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों से शीघ्र प्रस्ताव उपलब्ध कराने को कहा गया।
जनप्रतिनिधियों ने चुर्क से पुसौली होते हुए कचहरी के आगे तक बाईपास बनाने का सुझाव दिया। बरैला महादेव, पंचमुखी मंदिर, मंगलेश्वर महादेव मंदिर सहित अन्य धार्मिक स्थलों को जोड़ने वाली सड़कों का प्रस्ताव भी शासन को भेजने की सहमति बनी। इस दौरान ओवरब्रिज के बगल सड़कों पर बने गड्ढों की मरम्मत के लिए एक्सईएन जल निगम को निर्देशित किया। बैठक में बसकटवा, तेलगुड़वा, पटवध संपर्क का प्रस्ताव भी उपलब्ध कराने को कहा गया। डीएम बद्रीनाथ सिंह ने सड़क, पुल, बाईपास आदि निर्माण से संबंधित सभी प्रस्तावों को शीघ्र शासन को भेजने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। बैठक में राज्य मंत्री संजीव सिंह गोंड, विधायक डॉ. अनिल मौर्य, भूपेश चौबे, सांसद प्रतिनिधि सुनील गोंड आदि मौजूद रहे।