दुद्धी। उपजिलाधिकारी रमेश कुमार ने तहसील के लेखपालों संग बैठक कर कोरोना से हुई तहसील क्षेत्र में मौतों के अलावा अन्य हुई मौतों का घर-घर जाकर सर्वे किए जाने का निर्देश दिया है। इन आंकड़ों के आधार पर मृत मुखिया के वारिसों के नाम भूमियों का वरासत किए जाने का सख्त निर्देश दिया है। उन्होंने राजस्व निरीक्षक, हल्का लेखपालों से क्षेत्र में जाकर मृतकों का पता लगाकर तत्काल वरासत किए जाने का निर्देश दिया। कहा है कि ये कार्य एक सप्ताह में हर हाल में पूरा कर लिया जाए। कार्य में लापरवाही की गई तो संबंधितों के खिलाफ तत्काल प्रभाव से कार्यवाही की जाएगी। एसडीएम ने बताया कि 2020 अप्रैल से जुलाई 21 तक में हुई मृतकों के वारिसों के नाम वरासत किया जाना है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में परिवार के मुखिया के मौत होने के दशा में अगर भूमिहीन व्यक्ति है तो ऐसे व्यक्तियों को भी चिह्नित किया जाना है। चिह्नित लोगों को ग्राम स्तर पर बंजर भूमि उनके नाम आवंटित किए जाएंगे। जिन मृतक परिजनों के पास रहने को घर नहीं है ऐसे व्यक्तियों को भी आवास दिए जाने की व्यवस्था की जाएगी।