भारतीय जनता पार्टी के पूर्व संगठन मंत्री, पूर्व विधान परिषद सदस्य एवं वरिष्ठ नेता जयप्रकाश चतुर्वेदी के निधन के बाद शनिवार को चांची कला में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा। इसमें भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी शामिल होकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। जिला मीडिया प्रभारी रजनीश रघुवंशी ने बताया कि श्रद्धांजलि सभा में तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला, कैबिनेट मंत्री एवं जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता रमापति राम त्रिपाठी, पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल, प्रदेश कार्यालय प्रभारी भारत दीक्षित, चौधरी लक्ष्मण और अशोक तिवारी समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि जयप्रकाश चतुर्वेदी भाजपा के समर्पित और वरिष्ठ नेताओं में शामिल रहे। उन्होंने संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। लंबे समय तक कार्यकर्ताओं के मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत के रूप में उनका योगदान रहा। इससे पहले बृहस्पतिवार देर रात पूर्व जल शक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह चांची कला पहुंचे और दिवंगत जयप्रकाश चतुर्वेदी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।