सोनभद्र। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वाराणसी में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत प्रदेश के 4.51 लाख आवास के लाभार्थियों को 5442 करोड़ रुपये से निर्मित आवासों की चाभी वितरित की। कलेक्ट्रेट में इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। जिले के लाभार्थियों को भी राज्य मंत्री संजीव सिंह गोंड ने चाभी प्रदान किया।
कार्यक्रम में पीएम आवास योजना (ग्रामीण) के लगभग 1000 लाभार्थियों को चाभी वितरित किया गया। पीएम स्वनिधि योजनांतर्गत प्रथम ऋण के 518, द्वितीय ऋण के 764 एवं तृतीय ऋण के 15 लाभार्थियों को ऋण का वितरण किया गया। अधिक डिजिटल लेन-देन करने वाले 05 लाभार्थियों को प्रशस्ति-पत्र, 05 लाभार्थियों को परिचय बोर्ड और 30 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया। आयुष्मान कार्ड भी बांटे गए। इस मौके पर राज्य मंत्री ने लाभार्थियाें को शुभकामनाएं दी। उन्हें सरकार की योजनाओं से अवगत कराते हुए लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में सांसद पकौड़ी लाल, विधायक दुद्धी रामदुलार गाेंड, जिला पंचायत अध्यक्ष राधिका सिंह, सीडीओ सौरभ गंगवार, विधायक घोरावल के प्रतिनिधि सुरेंद्र मौर्या, एमएलसी प्रतिनिधि अंबरीश राय, ब्लाक प्रमुख अजीत रावत, पीडी आरएस मौर्य, पीओ डूडा राजेश उपाध्याय आदि मौजूद रहे।