मारकुंडी पहाडी स्थित वीर लोरिक पत्थर पर बैठक करते गोवर्धन पूजा समिति के पदाधिकारी। स्रोत स्व
सोनभद्र। मारकुंडी घाटी स्थित ऐतिहासिक व सांस्कृतिक धरोहर वीर लोरिक पत्थर परिसर में सुविधाओं के विस्तार को लेकर सोमवार को एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। संरक्षक मंडल और गोवर्धन पूजा समिति की इस संयुक्त बैठक की अध्यक्षता संरक्षक मंडल के अध्यक्ष राम निहोर यादव ने की, जबकि संचालन लालब्रत यादव ने किया। बैठक में परिसर की गरिमा और श्रद्धालुओं की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए सर्वसम्मति से चार प्रमुख प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इसके तहत परिसर में एक भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही, दूर-दूर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पेयजल (पानी) की उत्तम व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा, ऐतिहासिक वीर लोरिक पत्थर के नीचे आई दरकन को तत्काल भरने का निर्णय लिया गया है। बैठक में यह भी तय हुआ कि दो महीने बाद प्रगति की समीक्षा के लिए दोबारा एक संयुक्त बैठक बुलाई जाएगी। संरक्षक मंडल के वरिष्ठ सदस्य रोशनलाल यादव ने कहा कि इस ऐतिहासिक स्थल का विकास और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देना हमारी प्राथमिकता है। बैठक में सर्वसम्मति से कड़ा फैसला लेते हुए यह साफ किया गया कि संरक्षक मंडल और गोवर्धन पूजा समिति की लिखित अनुमति के बिना कोई भी व्यक्ति परिसर में किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य नहीं कर सकेगा। यदि कोई इन नियमों का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी व दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में विजय यादव, तेजधारी यादव, दयाराम यादव, परमेश्वर यादव, नेता यादव, रमेश सिंह यादव, प्रदीप यादव, रविंद्र यादव, चंद्रभूषण यादव, सुनील गौड़, गौतम यादव और बलवंत यादव आदि उपस्थित रहे।