सलखन क्षेत्र के अवई प्राथमिक विद्यालय में मिट्टी के चुल्हे पर भोजन बनाती रसोईया।
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। सरकारी स्कूलो के बच्चों की आंखें चूल्हे के धुएं से जलने लगी हैं। कारण, सिलिंडर महंगे हो जाने से एक बार फिर मिड डे मिल का भोजन चूल्हे पर बनने लगा है। चूल्हे से उठता धुआं हर वक्त विद्यालय परिसर में फैलता रहता है। जिसका असर बच्चों की आंखो पर पड़ रहा है। सदर विकास खंड क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय अवई, माध्यमिक विद्यालय अवई, प्राथमिक विद्यालय भड़रा खुर्द, शिक्षा क्षेत्र म्योरपुुर के कंपोजिट विद्यालय पुनर्वास प्रथम, बीजपुर कॉलोनी, राय कॉलोनी, कंपोजिट विद्यालय सिरसोती, पिंडारी, कोटा पिंडारी, जरहा, लखार, हड़बड़िया, चेतवा, झुहरा टोला, नवाटोला, कोन क्षेत्र के मिटिहिनियां में स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय, कुशवाहां टोला व प्राथमिक विद्यालय लाल विजौरा, जिले के कई विकास खंडों के सैकड़ों विद्यालयों में लकड़ी के चूल्हे पर ही खाना बनाया जा रहा है। इन विद्यालयों में रखे गैस सिलिंडर खाली हो गए हैं तो कहीं चोरी हो गए। शिक्षकों का कहना था कि चोरी गए सिलिंडर के बारे में सूचना देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। गैस महंगा होने के कारण भी भरवाना महंगा होता है, जबकि इलाके में लकड़ी पर्याप्त मात्रा में सुलभ हो जाती है।