सोनभद्र। रबी फसल की बोआई के लिए डीएपी की किल्लत नहीं होगी। शासन स्तर से कृषि विभाग को 1500 मीट्रिक टन डीएपी की खेप मिल गई है। दो रैक में जिले को डीएपी मिलनी है। डीएपी को सभी साधन सहकारी समितियां एवं प्राइवेट दुकानों पर दुकानदारों को उपलब्ध कराया जाने लगा है। इससे रबी फसल की बोआई करने में किसानों को डीएपी की कमी आड़े नहीं आएगी।
जिले में रबी फसल बोआई का इस समय पीक सीजन चल रहा है। धान की खेती का रकबा कम होने की वजह से इस वर्ष रबी सीजन की बोआई पहले ही शुरू हो गई है। जो खेत खाली थे, उसे पलेवा करते हुए किसान फसल की बोआई कर रहे हैं। इन दिनों धान के फसल की कटाई भी जोरों पर है, धान की कटाई करने के साथ ही किसान रबी फसल की बोआई कर रहे हैं। ऐसे में डीएपी की मांग बढ़ गई है। चूंकि बोआई के दौरान डीएपी की ज्यादा जरूरत होती है।
मांग बढ़ने की वजह से साधन सहकारी समितियां एवं प्राइवेट दुकानों पर डीएपी की उपलब्धता कम हो गई थी। इसी को ध्यान में रखते हुए कृषि विभाग की तरफ से डीएपी की रैक मंगाई गई है। विभागीय अधिकारियों की मानें को कृषि विभाग को दो रैक में कुल करीब 1500 मीट्रिक टन डीएपी की आपूर्ति होगी। जिसका वितरण साधन सहकारी समितियों के साथ ही प्राइवेट दुकानों पर कराया जाएगा। इससे किसानों को रबी फसल की बोआई करने में दिक्कत नहीं होगी।
जिले के लिए 1500 मीट्रिक टन डीएपी मिली है। दो रैक में डीएपी की आपूर्ति जिले में होगी। साधन सहकारी समितियां एवं प्राइवेट दुकानों पर डीएपी उपलब्ध कराया जाएगा। खाद की किल्लत नहीं होने दी जाएगी। -डॉ. हरिकृष्ण मिश्र, जिला कृषि अधिकारी-सोनभद्र।