विंढमगंज। स्थानीय कस्बे में कोन मार्ग पर स्थित रेलवे क्रॉसिंग के समीप बुधवार की सुबह रेलवे ट्रैक पर युवक का शव मिला। वह मजदूरी करने के लिए घर से निकला था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ट्रेन से कटकर मौत की आशंका है।
विंढमगंज-कोन मार्ग पर स्थित रेलवे क्रॉसिंग की ओर टहलने गए लोगों ने क्रॉसिंग के पूरब तरफ एक युवक का क्षत-विक्षत शव देखा। काफी मशक्कत के बाद मृतक की पहचान बूटबढेवा निवासी छोटू भुइयां (18) पुत्र भोला के रूप में हुई। सूचना पाकर घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि छोटू मंगलवार की सुबह घर से रेणुकूट में बीड़ी पत्ते के गोदाम पर काम करने के लिए निकला था। रोजाना रात तक वह घर लौट आता था, लेकिन मंगलवार की देर रात तक न आने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। इस बीच सुबह उसका शव मिलने की खबर आई। एसआई अजय प्रताप यादव ने बताया कि छोटू रेणुकूट में बीड़ी पत्ते के गोदाम में बोरा पर नंबर छपाई करता था। आशंका है कि मंगलवार की रात सिंगरौली-पटना एक्सप्रेस से लौटते समय ट्रेन का स्टॉपेज न होने के कारण उतरते समय छोटू गिर गया होगा, जिससे ट्रेन से कटकर उसकी मौत हुई होगी। शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति साफ होगी।