ओबरा, सोनभद्र। ओबरा परियोजना के ''ब'' ताप विद्युत गृह की दो सौ मेगावाट क्षमता वाली दसवीं इकाई शुक्रवार देर रात वार्षिक अनुरक्षण कार्य के लिए बंद कर दी गई। इसके चलते परियोजना की कुल उत्पादन क्षमता में दो सौ मेगावाट की कमी आ गई है। वहीं इसी क्षमता की नौवीं इकाई भी बीते 18 नवंबर से ब्वायलर ट्यूब लीकेज के कारण बंद है। ऐसे में परियोजना की दो इकाइयों से फिलहाल विद्युत उत्पादन प्रभावित हो रहा है। दसवीं इकाई को निर्धारित वार्षिक अनुरक्षण कार्यक्रम के तहत बंद किया गया है। इस दौरान इकाई के विभिन्न तकनीकी उपकरणों और संयंत्र के आवश्यक हिस्सों की जांच एवं मरम्मत की जाएगी। वहीं नौवीं इकाई में बॉयलर ट्यूब लीकेज की समस्या सामने आने के बाद से ही मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। परियोजना के तकनीकी कर्मचारी और इंजीनियर इकाई को दोबारा चालू करने में जुटे हैं। प्रबंधन की ओर से शनिवार देर रात तक नौवीं इकाई से उत्पादन बहाल होने की उम्मीद जताई जा रही है।