चोपन। जुगैल थाना क्षेत्र के गोठानी गांव के समीप सवारियों से भरी टेंपो और ट्रैक्टर में आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में टेंपो सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। एक अन्य यात्री घायल हुआ। उसे चोपन सीएचसी में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जुगैल से सवारी लेकर टेंपो चोपन की तरफ आ रहा था। गोठानी गांव के समीप अचानक सामने से आ रहे ट्रैक्टर से टेंपो में टक्कर हो गई। टक्कर इतना जोरदार था कि टेंपो सवार खेवंधा निवासी सीताराम यादव (55) व बरवा टोला निवासी गोपाल गंभीर घायल हुए। पुलिस की मदद से दोनों घायलों को चोपन सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सीताराम को मृत घोषित कर दिया। दूसरे घायल का उपचार किया गया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंच गए। जुगैल पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। चोपन-भरहरी मार्ग पर आवागमन के लिए टेंपो ही साधन है। अप्रशिक्षित चालकों के हाथ में स्टेयरिंग होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।