घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के मिश्र मझिगवां मोड़ के पास टेंपो पलटने से उसमें सवार दूल्हा-दुल्हन समेत नौ लोग घायल हो गए। सामने से आ रहे बाइक सवार को बचाने में टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। सभी घायलों का घोरावल सीएचसी में उपचार कराया गया।
क्षेत्र के मोराही गांव निवासी दीनदयाल का शुक्रवार को शिवद्वार मंदिर पर विवाह था। विवाह के बाद सभी रिश्तेदार चले गए। रात करीब आठ बजे दुल्हन को विदा कराकर दूल्हा व परिवार के कुछ सदस्य टेंपो में सवार होकर घर के लिए रवाना हुए। मझिगवां मोड़ पर अचानक सामने से आ रहे बाइक सवार को बचाने की कोशिश में टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में दूल्हा दीनदयाल (27), दुल्हन नीलम (22), दूल्हे का भाई रामू (20), रामबली (56) व उसकी पत्नी कौशिल्या (50), अमरावती (60), मालती (65), जगवंती (55) ऑटो चला रहा चालक पड़री कला गांव निवासी राजकुमार (40) घायल हुए। आसपास के लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। वहां उनका उपचार हुआ। अमरावती का हाथ फ्रैक्चर हुआ है। अन्य घायलों में सिर व माथे पर चोट आई है।