सोनभद्र। सूरज की तपिश बढ़ती जा रही है। सोमवार को तापमान 43 डिग्री तक पहुंच गया। आसमान से बरसते अंगारों से लोग झुलसने को मजबूर रहे। टोपी, छाता लेकर ही लोग घरों से बाहर निकले। हालांकि इसके बाद भी गर्मी से राहत नहीं मिली। बार-बार लोग गला तर करते दिखे। शीतल पेय पदार्थ की दुकानों पर भीड़ रही।
सुबह दस बजे के बाद ही तीखी धूप के कारण सड़कों पर चहल-पहल कम होने लगी। दोपहर में उन सड़कों पर भी कम लोग दिखे, जहां रोजाना भीड़ लगी रहती है। ग्राहक न होने से बाजार में दुकानदार भी शटर नीचे कर आराम फरमाते रहे। गर्मी में हुई इस वृद्धि के कारण कूलर, एसी, फ्रिज की मांग में भी इजाफा हुआ। पानी के संकट से जूझते रहवासी इलाकों में दुश्वारी बढ़ गई है। मौसम विभाग की वेबसाइट के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री तो न्यूनतम तापमान 24 डिग्री दर्ज किया गया। अगले दो दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। उधर, डॉक्टर इस मौसम में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।