आसनडीह। सांगोबांध स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एंटी स्नेक वेनम न होने से सर्पदंश से पीड़ित एक किशोरी की मौत हो गई। इसे लेकर जहां परिजन बिलखते रहे तो वहीं स्वास्थ्य विभाग के प्रति ग्रामीणों में आक्रोश रहा। बभनी थानान्तर्गत सांगोबांध निवासी रामनारायण की पुत्री सुमन (14) रविवार की रात आठ बजे घर से बाहर निकली थी। अंधेरा होने से सुमन के पैर के नीचे सांप दब गया। सांप ने उसे डस लिया। परिजन उसे तत्काल पीएचसी सांगोबांध ले गए। वहां एंटी स्नेक वेनम न होने से डाक्टर ने उसे सीएचसी म्योरपुर ले जाने की सलाह दी। जब तक घरवाले उसे लेकर निकलते कि उसकी मौत हो गई। पिता रामनारायण का कहना है कि यदि पीएचसी पर एंटी स्नेक वेनम होता तो पुत्री की जान बच सकती थी। क्षेत्र के श्यामसुंदर, रामशिरोमणि, संदीप, कुंजन आदि ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए एंटी स्नेक वेनम उपलब्ध कराने की मांग की। चेताया कि यदि समय रहते एंटी स्नेक वेनम उपलब्ध नहीं कराई गई तो ग्रामीण प्रदर्शन करेंगे।