सोनभद्र। शासन के निर्देश पर गरीबों परिवार के मेधावियों के लिए संचालित अभ्युदय कोचिंग में अब नए सिरे से पठन पाठन शुरू होगा। इसके लिए विभाग की तरफ से तैयारी की गई है। इसके साथ ही बच्चों को पढ़ाने के लिए एक कोर्स कोऑर्डिनेटर की तैनाती हो गई है। वहीं अभ्युदय कोचिंग में बुधवार से पढ़ाई भी शुरू हो गई है।
सोनांचल में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के युवाओं को सिविल सेवा की तैयारी कराने के लिए मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत निशुल्क कोचिंग संचालित की जा रही है। मौजूदा समय में 65 छात्र-छात्राओं ने निशुल्क कोचिंग के लिए अभ्युदय कोचिंग में दाखिला कराया है। समाज कल्याण विभाग अधिकारी के अनुसार पहले कोचिंग का संचालन बॉयजूज के माध्यम से कराया जाता था। हाल ही में संस्थान ने कोचिंग संचालन को लेकर हाथ खड़े कर दिए। अब कोचिंग संचालन के लिए दूसरी संस्था से संपर्क साधा जा रहा है। जिला समाज कल्याण अधिकारी रमाशंकर यादव ने बताया कि अभ्युदय कोचिंग के लिए संस्था नामित करने की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही यह प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
कोचिंग में पढ़ाई शुरू
समाज कल्याण विभाग की तरफ से संचालित अभ्युदय कोचिंग में बुधवार से पठन पाठन शुरू हो गया है। पहले दिन 11 छात्र-छात्राएं कोचिंग में शामिल हुए। कोष कोआर्डिनेटर मनीष कुमार पांडेय की तरफ से पठन पाठन कराया जा रहा है। आईएस-पीसीएस के इंटरव्यू से रिटर्न होने वाले मनीष को कोर्स कोआर्डिनेटर के रूप में रखा गया है। पहले ये मिर्जापुर में पढ़ाते थे।