डीआईजी आरपी सिंह ने बुधवार को पुलिस लाइंस में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था और आगामी त्योहार के मद्देनजर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए सभी थानों में समन्वय बनाते हुए शातिर और पेशेवर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया।
डीआईजी ने कहा कि जनपद और मेला क्षेत्र के अंतर्गत गठित शांति समितियों, पीस कमेटी, संभ्रांत नागरिकों, डिजिटल वॉलेंटियर्स, शांति समितियों, नागरिक सुरक्षा संगठन के सदस्यों का सक्रिय सहयोग प्राप्त करें। उन्होंने अवैध खनन व ओवरलोड वाहनों पर रोक लगाने, जमीन संबंधित विवाद में पुलिस व राजस्व की टीम की ओर संयुक्त रूप से मिलकर विवाद को निस्तारित कराने का निर्देश दिया।
पुलिस, राजस्व व वन विभाग को समन्वय से काम करने को कहा। आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त होने वाले शिकायती प्रार्थनापत्रों की निष्पक्ष जांच कर समय से निस्तारित करने को कहा। गोष्ठी के पूर्व डीआईजी ने गार्द की सलामी ली, तत्पश्चात सलामी गार्द का निरीक्षण किया। एसपी डॉ. यशवीर सिंह, एएसपी कालू सिंह, एएसपी विजय शंकर मिश्रा आदि मौजूद रहे।