सोनभद्र। पुलिस लाइन और जिले के सभी थानों में बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश पुलिस झंडा दिवस मनाया गया। पुलिस लाइन के साथ जिले के सभी थानों में पुलिस ध्वज को सलामी दी गई। पुलिस लाइन में एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने ध्वजारोहण किया और सलामी दी। इस दौरान एसपी ने अधीनस्थ अधिकारियों व कर्मचारियों को पुलिस ध्वज का स्टीकर लगाया और पुलिस महानिदेशक का संदेश पढ़कर सुनाया। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने और पुलिस ध्वज की गरिमा बनाए रखने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि ध्वज हमारे चरित्र को दर्शाता है। यह हमारे गौरवशाली इतिहास का प्रतीक है। पुलिस ने देश व लोक सेवा में अपने कौशल, शौर्य व कर्तव्य परायणता से अप्रतिम योगदान दिया है। मौके पर एएसपी ऑपरेशन त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी, सीओ सदर संजीव कटियार, सीओ नगर राहुल पांडेय, रिजर्व इंस्पेक्टर धर्मेंद्र सिंह मौजूद रहे।