सोनभद्र। मंगलवार को जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में तीन लोगों की संदिग्ध हाल में मौत हो सदर कोतवाली क्षेत्र के बढ़ौली चौराहे के समीप एक युवक अचानक गश खाकर गिर पड़ा। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। युवक की उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है। काफी प्रयास के बाद भी उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई थी। उधर, कोन थाना क्षेत्र के देवाटन रोड पेट्रोल पंप के पास आम के बगीचे में एक व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। ग्रामीणों के मुताबिक वह बगीचे में घूम रहा था। वह पानी मांग रहा था। पानी उपलब्ध न होने पर थोड़ी दूर एक पेड़ के नीचे बैठ गया। वहां कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई। उसके पास मौजूद झोले में एक वर्दी, प्याज व आलू मिला। काफी प्रयास के बाद उसकी शिनाख्त बृजलाल चेरो (45) निवासी खोखा करहिया थाना विंढमगंज के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही कुछ स्पष्ट हो सकेगा। दुद्धी: विंढमगंज थाना क्षेत्र के केवाल गांव निवासी सुरेश कुमार (60) मंगलवार को दोपहर घर में अचानक हांफते हुए नीचे गिर गए। प्रारंभिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। चोपन पहुंचने पर उनकी मौत हो गई।