सोनभद्र। भैंस चोर को पिकअप समेत पकड़कर बगैर वैधानिक कार्रवाई के छोड़ना चौकी इंचार्ज सुकृत धर्मनाथ सिंह और मुख्य आरक्षी तौकिर खां को महंगा पड़ गया। मामला संज्ञान में आने पर एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने चौकी प्रभारी और हेड कांस्टेबल को निलंबित कर दिया है। कुछ दिनों पूर्व सुकृत पुलिस चौकी प्रभारी धर्मनाथ सिंह और हेड कांस्टेबल तौकिर ने भैंस चोरी करने के आरोप में एक व्यक्ति को पिकअप के साथ पकड़ कर कई दिनों तक चौकी में बैठाए रखा। इसकी जानकारी चौकी इंचार्ज ने कोतवाल समेत अन्य अधिकारियों को नहीं दी। इतना ही नहीं पकड़े गए आरोपी के खिलाफ बगैर वैधानिक कार्रवाई किए छोड़ दिया। इसकी जानकारी किसी व्यक्ति ने एसपी समेत अन्य को दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने अपने स्तर से आरोपों की जांच कराई तो शिकायत काफी हद तक सही निकली। एसपी ने चौकी इंचार्ज और हेड कांस्टेबल को निलंबित कर दिया है। हालांकि अभी सुकृत चौकी पर नए प्रभारी की तैनाती नहीं की गई है। निलंबित दारोगा और मुख्य आरक्षी को पुलिस लाइन से संबद्ध किया गया है।