दुद्धी। पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय में गुणवत्ता विहीन भोजन मिलने से नाराज छात्रों ने मंगलवार को हंगामा किया। मेन्यू के अनुसार नाश्ता व भोजन न मिलने का आरोप लगाया।
छात्रों का कहना है कि भोजन में कभी भी सही से दाल-सब्जी नियमित रूप से नहीं मिलती है, जबकि विद्यालय में कक्षा छह से नौ तक के कुल 490 छात्रों की नामांकन उपस्थित है। प्रतिदिन बच्चों की उपस्थिति देखते हुए सुबह शाम खाना बनाया जाता है। छात्र अखिलेश ने आरोप लगाते हुए कहा कि सभी छात्रों को प्रतिदिन मानक के विपरीत नाश्ता व भोजन दिया जाता है। शिकायत करने के बाद भी कोई असर नहीं पड़ता है। उच्च अधिकारियों का निरीक्षण होता भी है तो कभी विद्यालय के भीतर के कमियों को कभी ध्यान नहीं देते, बाहर से ही कोरम पूरा कर चले जाते हैं। छात्र अमरलाल के मुताबिक विद्यालय में 490 छात्रों के बीच एक मात्र शौचालय होने से परेशान होना पड़ता है। विद्यालय के भीतर अन्य शौचालय का पाइप चोक ले लिया है। एक शौचालय की वजह से दिनभर बच्चे उसी का उपयोग करते रहते हैं। छात्र उमेश कुमार ने बताया कि सब्जी कभी भी सही ढंग से नही मिलती है। जब भी मिलती है तो सबसे ज्यादा आलू-टमाटर की सब्जी मिलती है। छात्र बादल कुमार एवं विकास गुप्ता का कहना है कि मेन्यू के मुताबिक कभी भी खाना नहीं दिया जाता है। विद्यालय के कर्मचारियों की तरफ से जबरदस्ती दबाव बनाकर खाने को विवश किया जाता है। विद्यालय अधीक्षक/प्रधानाचार्य डॉ. अवधेश कुमार सोनकर ने बताया कि छात्रों की शिकायत मुझे मिली है कि खाना व नाश्ता में अनियमियता बरती गई है। मामले की जांच कर संबंधित अधिकारियों को सूचित कर कार्रवाई के लिए पत्र भेजा जाएगा।