शक्तिनगर। इलाके की बाजारों में बुधवार को पुलिस ने चीनी मंझा बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए काफी मात्रा में मंझा बरामद किया। कार्रवाई से बाजार क्षेत्र में खलबली मच गई। इस दौरान कई दुकानदारों ने मंझे हटा दिए और दुकान छोड़कर भाग गए। पतंग उड़ाने में प्रयुक्त होने वाले चीनी मंझे हादसे की वजह बन रहे है। इसी के दृष्टिगत पुलिस ने प्रतिबंधित मंझा बेचने वालों के खिलाफ बुधवार को अभियान चलाया। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह की मौजूदगी में पुलिस ने चिल्काटांड बाजार सहित उन व्यवसायिक क्षेत्रों में पहुंची जहां मंझा बिक्री की सूचना मिली थी। जांच-पड़ताल के दौरान पुलिस ने काफी मात्रा में प्रतिबंधित मंझा जब्त कर लिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मंझा बिक्री करने वाले दुकानदारों को सख्ती से चेतावनी दी गई कि दोबारा बिक्री की सूचना मिली तो सुसंगत धाराओं में संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मकर संक्रांति पर्व पर पतंग उड़ाने की परंपरा है। इस दौरान शौकीन प्रतिबंधित चीनी मंझा का प्रयोग करते हैं, जो अक्सर दुर्घटना का वजह बनते हैं।