सोनभद्र। क्षेत्राधिकारी सदर सुधीर कुमार सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में स्पेशल जुवेनाइल पुलिस यूनिट (एसजेपीयू) और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) की समन्वय बैठक हुई। इस दौरान बालकों के विरुद्ध और पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामलों में की गई कार्रवाई की समीक्षा करते हुए बाल श्रम, बाल विवाह और बाल-भिक्षावृत्ति के रोकथाम की रणनीति बनाई गई। किशोर न्याय अधिनियम और पॉक्सो अधिनियम के अंतर्गत पंजीकृत मामलों में पीड़ित बच्चों को बाल कल्याण समिति के समक्ष समयसीमा के भीतर प्रस्तुत किए जाने पॉक्सो मामलों में प्रारूप (क) एवं प्रारूप (ख) को नियमानुसार पूर्ण करने के लिए दिशा-निर्देशों से अवगत कराया गया। बाल श्रम, बाल विवाह और बाल-भिक्षावृत्ति पर प्रभावी नियंत्रण की हिदायत देते हुए कहा गया कि प्रत्येक सप्ताह कम से कम एक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाए। बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों एवं विवेचकों के सामने आने वाली समस्याओं के समाधान, बालकों के संरक्षण-सुरक्षा और विभिन्न विभागों के मध्य बेहतर समन्वय पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस मौके पर सदस्य बाल कल्याण समिति, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, चाइल्ड हेल्पलाइन यूनिट, सदस्य किशोर न्याय बोर्ड, श्रम विभाग, एएचटीयू, एसजेपीयू सहित सभी थानों के बाल कल्याण पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।