सदर कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की बैठक के दौरान मौजूद लोग। - जागरूक पाठक
सोनभद्र। सदर कोतवाली परिसर में रविवार को सीओ सिटी रणधीर मिश्रा ने व्यापारियों, संभ्रांत नागरिकों और पुलिसकर्मियों के साथ बैठक की। इस दौरान रॉबर्ट्सगंज शहर में सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ और यातायात प्रबंधन की रणनीति बनाई गई। व्यापारियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान दुकानों के सामने अतिक्रमण न होने पर इस पर विशेष ध्यान दें ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे। इस दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के संबंध में जरूरी निर्देश भी दिए गए। सीओ सिटी ने व्यापारियों, नागरिकों के साथ सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और पुलिस की सतर्कता सहित अन्य बिंदुओं पर चर्चा करते हुए कहा कि सभी लोग आपसी सौहार्द, सामाजिक समन्वय बनाए रखें। कहीं किसी तरह की दिक्कत हो। कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखे या अप्रिय स्थिति बनती दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। नाम-पहचान गोपनीय रखते हुए त्वरित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिसकर्मियों को अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर भ्रमणशील रहने, बाजार-भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्क दृष्टि बनाए रखने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। व्यापारियों से कहा गया कि वह अपने प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे सुचारु रूप से संचालित रखें। दुकानों के सामने अनावश्यक अतिक्रमण न होने पाए इसका भी खासा ख्याल रखें। प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा, अंजुमन इस्लामिया कमेटी के सदर मुश्ताक अहमद, सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष मिठाईलाल सोनी आदि मौजूद रहे।