पन्नूगंज थाना क्षेत्र के पकरहट गांव में मंगलवार की रात बरात में डीजे बजाने को लेकर विवाद हो गया। मारपीट में दोनों पक्षों से सगे भाइयों समेत पांच लोग घायल हुए। सभी का पीएचसी चतरा में उपचार कराया गया।
मंगलवार की रात गांव में संतोष पटेल के घर बरात आई थी। इसी में डीजे बजाने को लेकर गांव के ही दो पक्षों में विवाद हो गया। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों से लाठियां निकल आईं। जमकर हुई मारपीट में एक पक्ष से धीरज पटेल (27), उसका भाई नीरज (22), राजू (25), उर्मिला देवी (40) और दूसरे पक्ष से आलोक (22) को चोट आई। मौके पर पहुंची पन्नूगंज पुलिस ने सभी का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चतरा में कराया। मामले में दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।