भगवान महावीर के अहिंसा रूपी उपदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पदयात्रा पर निकले श्वेतांबर जैन समुदाय के लोग 65वें दिन डाला पहुंचे। यहां स्थानीय लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। आचार्य श्री महासेनसुरी महाराज साहब के नेतृत्व में श्वेतांबर जैन समुदाय के चार साधू और 19 साध्वियों का दल महाराष्ट्र के नागपुर स्थित भाजीमंडी से 23 नवंबर को रवाना हुआ था। पैदल यात्रा 65वें दिन डाला पहुंची। अब तक यह दल कुल 750 किमी की पैदल यात्रा कर चुका है। प्रतिदिन 15-16 किमी की पैदल यात्रा तय करते हैं। जन कल्याण के लिए 24 तीर्थ स्थलों की भूमि को स्पर्श करते हुए यह यात्रा वाराणसी, पटना होते हुए मई-जून में झारखंड के सम्मेद शिखर पहुंचेगी। समाजसेवी संजय मित्तल के आवास पर आयोजित प्रवचन में आचार्य श्री महासेनसुरी महाराज ने कहा कि भगवान महावीर के अहिंसा परमो धर्म: के उद्देश्यों को अपनाकर हम सब अपने जीवन को सुखमय बना सकते हैं। इस दौरान मुकेश जैन, दीपिका जैन, विकास जैन, राज कुमार जैन, राधा मित्तल, कल्पना मित्तल, ऊषा मित्तल, राजेश गोयल, राकेश जैन आदि मौजूद रहे।