सोनभद्र। जिले में 463 आयुष्मान कार्डधारकों की स्थिति संदिग्ध पाई गई है। राज्य स्तर से इनकी सूची उपलब्ध कराते हुए जल्द सत्यापन के निर्देश दिए गए हैं। सीएमओ डॉ. रमेश कुमार मिश्र ने सभी सीएचसी अधीक्षकों और पीएचसी व अर्बन पीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारियों को सत्यापन की प्रक्रिया जल्द पूरी कराने को कहा है। सत्यापन के आधार पर संबंधित कार्ड को फ्रॉड श्रेणी में दर्ज करने और जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। जारी पत्र के अनुसार, जिले के 463 आयुष्मान कार्डधारक संदिग्ध श्रेणी में दर्ज हैं। इनकी पात्रता और दस्तावेजों का सत्यापन किया जाना है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने ब्लॉक के सभी ऐसे कार्डधारकों को चिह्नित करने और उन्हें मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में उपस्थित कराने का निर्देश दिया गया है। सीएमओ ने बताया कि लाभार्थियों को प्रार्थना पत्र, शपथ पत्र, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड और परिवार रजिस्टर की प्रति के साथ उपस्थित होना होगा। पत्र में तीन दिन के भीतर संबंधित कार्डधारकों का पूरा विवरण सीएमओ कार्यालय में उपलब्ध कराने को कहा गया है। निर्देश में चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय में सत्यापन नहीं होने पर राज्य स्तर से संबंधित कार्डधारकों का डेटा फ्रॉड श्रेणी में दर्ज किया जा सकता है। ऐसी स्थिति में उन्हें भविष्य में आयुष्मान कार्ड के लाभ से स्थायी रूप से वंचित किया जा सकता है। पत्र में सत्यापन और निर्धारित प्रक्रिया पूरी कराने की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की तय करने की बात भी कही गई है।