बभनी। पति से कहासुनी के बाद मंगलवार की रात एक महिला ने मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा लिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जरहां गांव निवासी चांदनी देवी (30) का घरेलू बातों को लेकर पति ब्रह्मा से कहासुनी हो गई। नोकझोंक आगे बढ़ी और चांदनी ने घर में रखे केरोसिन तेल को अपने ऊपर छिड़ककर आग लगा ली। पत्नी को जलता देख पति ने आग बुझाने की पूरी कोशिश की लेकिन तब तक चांदनी काफी जल चुकी थी। परिजनों ने आनन-फानन में उसे तत्काल उपचार के लिए सीएचसी म्योरपुर में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। जिला चिकित्सालय में उपचार के दौरान महिला ने बुधवार की सुबह दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंची राबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर राबर्ट्सगंज कोतवाली प्रभारी मिथिलेश मिश्रा ने बताया कि अस्पताल से जानकारी मिली है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।