सोनभद्र। बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पूर्व मध्य रेलवे के धनबाद मंडल ने विशेष अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। इनमें रांची-पटना और रांची-गढ़वा रोड के बीच कई स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इन ट्रेनों के चलने से सोनभद्र सहित आसपास के जिलों के अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में सहूलियत होगी। वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं वरीय जनसंपर्क अधिकारी धनबाद मनीष सौरभ ने बताया कि रेलवे प्रशासन की तरफ से इन स्पेशल ट्रेनों का संचालन 18 जुलाई से शुरू कर दिया गया है और 20 जुलाई तक विभिन्न रूटों पर किया जाएगा। सभी ट्रेनें अनारक्षित श्रेणी की होंगी, ताकि अधिक से अधिक अभ्यर्थी इनका लाभ उठा सकें। उन्होंने बताया कि 19 जुलाई को रांची से पटना के लिए ट्रेन संख्या 08624 और 20 जुलाई को पटना से रांची के लिए ट्रेन संख्या 08623 चलेगी। इसके अलावा 18 जुलाई को रांची-गढ़वा रोड के बीच ट्रेन संख्या 08604, 19 जुलाई को गाड़ी संख्या 08602 और 08603 और 20 जुलाई को गाड़ी संख्या 08601 का संचालन किया जाएगा। वहीं रांची-दुमका, दुमका-रांची, टाटा-हजारीबाग रोड और हजारीबाग रोड-टाटा के बीच भी परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। रेलवे अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन के समय और ठहराव की जानकारी रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से प्राप्त कर लें। वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं वरीय जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की भीड़ को देखते हुए अनारक्षित ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा मिल सके।