शाहगंज (सोनभद्र)। खजुरी शाहगंज में चल रहे राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में मैच शनिवार को दो लीग मैच खेले गए। डॉ. एचडी सिंह एकेडमी राबर्ट्सगंज और चंडीगढ़ की टीम ने अपने-अपने मैच जीतकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
मुख्य अतिथि रहे बीडीओ चोपन दीपक पांडेय व मनोज केसरी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। पहले मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए शाहगंज की टीम ने 15 ओवर में 6 विकेट खोकर 122 रन बनाए। वरुण देव ने 50, खुर्शीद हाशमी ने 30 रन बनाए।
डॉ. एचडी सिंह एकेडमी राबर्ट्सगंज की टीम से गेंदबाजी करते हुए रघु व अजय ने दो-दो विकेट हासिल किया। जवाब में खेलने उतरी राबर्ट्सगंज की टीम ने 13.5 ओवर में पांच विकेट खोकर 123 रन बनाकर इस मैच को पांच विकेट से जीत लिया और क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। राबर्ट्सगंज टीम से बल्लेबाजी करते हुए सूर्यांश ने 35, धनंजय ने 22, रघु ने 21 रन बनाए। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार सूर्यांश को दीपक पांडेय ने दिया।
टूर्नामेंट का अंतिम लीग मैच बलिया व चंडीगढ़ के बीच खेला गया। इस मैच को चंडीगढ़ ने 32 रनों से जीतकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार हेमंत को सुनील श्रीवास्तव ने दिया। निर्णायक अंपायर चंद्रशेखर व नारायन सोनी रहे। स्कोरिंग अनिल व प्रियांशु व कमेंटरी अमृत गुप्ता व नौशाद खान ने किया।