सोनभद्र। जिले की ग्राम पंचायतों में दो दिवसीय विशेष सफाई अभियान चलेगा। इसमें मनरेगा के मजदूर भी लगाए जाएंगे। अपशिष्टों का भी निस्तारण होगा। इसको लेकर जिला पंचायत राज अधिकारी विशाल सिंह ने संबंधितों को निर्देश दे दिया है। पांच और छह जून को अभियान चलाया जाएगा। डीपीआरओ ने बताया कि दो दिन प्रत्येक ग्राम पंचायत में वृहद सफाई अभियान चलाते हुये साफ- सफाई एवं सेनिटाईजेशन कराया जाना है। सफाई अभियान में नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान अपनी ग्राम पंचायत के सभी ग्राम पंचायत सदस्यों, क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं जिला पंचायत सदस्य को आमंत्रित करते हुए उनकी भी सहभागिता सुनिश्चित करेंगे। साथ ही ग्रामवासियों से भी श्रमदान के रूप में सफाई अभियान को सफल बनाने की अपील करेंगे। स्थानीय स्तर पर स्वयं सेवी संस्थाओं एवं बुद्धिजीवियों का सहयोग लेंगे व सफाई अभियान प्रारम्भ करते समय ग्राम के वृद्ध, प्रतिष्ठित व्यक्ति से एक छोटे बैनर के साथ इसका शुभारम्भ करायेंगे। सफाई अभियान में शासकीय कर्मचारी के रूप में तैनात सफाईकर्मी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, समूह की महिलाएं, आशा, एएनएम, लेखपाल, अध्यापक एवं ग्राम पंचायत सचिव भी प्रतिभाग। सफाई अभियान के लिये मनरेगा एवं राज्यवित्त अधिक से अधिक संख्या में आवश्यकतानुसार मजदूर भी लगाए जाएंगे। कूड़ा एवं अपशिष्ट निस्तारण के लिये ट्रैक्टर, टिपर का प्रयोग करेंगे एवं एक उचित स्थान पर इसका निस्तारण करायेंगे। मजदूरों के मजदूरी का भुगतान मनरेगा एवं राज्यवित्त से किया जायेगा। डीपीआरओ ने बताया कि सफाई अभियान में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत ग्रामों में तैनात स्वच्छाग्रही भी प्रतिभाग करेंगे। एडीओ पंचायतों को निर्देश दिया है कि सफाई अभियान के दौरान यह सुनिश्चित कर लिया जाय कि सभी नालियां साफ हो जाए।गड्ढों में पानी जमा न हो, कहीं पर भी कूड़ें न पड़े हों तथा खुले में प्लास्टिक न पड़ी हो। सफाई अभियान के बाद गांव में सेनिटाईजेशन भी कराया जाय। जिन स्थानों पर पानी जमा हो, उनमें स्वास्थ्य विभाग से संपर्क कर कीटाणुनाशक दवा डाली जाए। सेनिटाइजेशन के लिए ब्लीचिंग पाउडर , सोडियम हाईपोक्लोराईड का छिड़काव किया जाय तथा मच्छररोधी फॉगिंग करायी जाय। व्यापक सफाई अभियान में कोविड -19 नियमों के तहत मास्क, ग्लब्स एवं सेनिटाइजर का प्रयोग करते हुये सामाजिक दूरी का भी पालन किया जाय।