सोनभद्र। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और नाम काटे जाने के विरोध में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने रविवार को नगर में साइकिल चलाकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ नारेबाजी की। सपा जिला सचिव प्रमोद यादव ने आरोप लगाया कि एसआईआर के नाम पर मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मतदान करना प्रत्येक नागरिक का सांविधानिक अधिकार है और इसे प्रभावित नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि कई मामलों में जीवित लोगों को मृत दिखाकर मतदाता सूची से नाम हटाए जाने की शिकायतें सामने आई हैं। सरोज भारती ने आरोप लगाया कि दलित मतदाताओं के नाम चुन-चुनकर काटे जा रहे हैं। अल्पसंख्यक सभा प्रकोष्ठ के जिला उपाध्यक्ष जुनैद अंसारी और सुरेश अग्रहरी ने कहा कि मतदाता सूची से नाम हटाने से लोगों के मताधिकार पर असर पड़ सकता है। प्रदर्शन में राजमणि पटेल, मनीष केडिया, अशोक केवट, गोपाल गुप्ता, दिनेश शर्मा और मोहन बैसवार समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।