घोरावल कोतवाली में सपा नेता पर प्राणघातक हमले के आरोपी। स्रोत पुलिस
घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के उभ्भा चौकी अंतर्गत परसौना गांव में सपा नेता पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में हमले की वजह पुरानी रंजिश सामने आई है। घोरावल कोतवाल बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि बीते बुधवार की रात पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं समाजवादी पार्टी के सेक्टर प्रभारी ओमप्रकाश यादव (48) अपने गांव के पास स्थित पाही पर कच्चे मकान के बाहर सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावर ने उनके सिर पर प्राणघातक हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल ओमप्रकाश को परिजन उपचार के लिए वाराणसी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल की पत्नी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या के प्रयास का प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही थी। सोमवार को मुखबिर की सूचना पर चिरोजी मोड़ के पास से परसौना निवासी छोटू कोल और जग्गू को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी आपस में चचेरे भाई हैं। विवेचना में ओमप्रकाश यादव और आरोपियों के बीच पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।