सोनभद्र। राबर्ट्सगंज नगर पालिका क्षेत्र में जल भराव की समस्या के समाधान की कोशिशें तेज हो गई हैं। कोशिश की जा रही है कि बरसात से पहले जल निकासी की व्यवस्था संबंधी कार्य पूरे कर लिए जाएं। इसके लिए शासन स्तर से 27.50 करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं। इस धनराशि से बरसाती जल के निकासी की व्यवस्था की जाएगी। राबर्ट्सगंज नगर पालिका क्षेत्र में जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से बारिश के मौसम में जगह-जगह जलभराव हो जाता है। इससे आवागमन करने वालों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उधर, नगर पालिका प्रशासन की स्थित ियह है कि नाली- नालों की सफाई कराकर मलबा किनारे पर ही छोड़ दिया गया। पिछले दिनों हुई बरसात में मलबा फिर नाले- नालियों में बह गया। अब फिर से सफाई कराकर मलबा हटवाने की व्यवस्था करनी पड़ेगी। इस बीच बरसात का मौसम नजदीक आते देख ड्रेनेज की व्यवस्था के लिए कवायद तेज हो गई है। सदर विधायक भूपेश चौबे का कहना है कि करीब डेढ़ माह पूर्व ड्रेनेज की कार्ययोजना शासन को प्रस्तावित की गई थी। शहर में बरसाती जल के निकासी की समुचित व्यवस्था न होने की तरफ सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया गया था। अब इस कार्य के लिए 27.50 करोड़ रुपये मंजूर हो गए हैं। धन मिलने पर औपचारिकताएं पूरी कर जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की कोशिश की जाएगी।