बीजपुर थाना क्षेत्र के सिरसोती गांव में महिला की मौत के बाद रेलवे लाइन के किनारे लगी भीड़। -संवाद।
- फोटो : Amar Ujala
- बीजपुर थाना क्षेत्र के सिरसोती गांव का मामला, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
बीजपुर। थाना क्षेत्र अंतर्गत सिरसोती ग्राम सभा में सोमवार को संदिग्ध हाल में कोयला ढोने वाली ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने पुलिस पर बिना सूचना दिए शव हटाने पर नाराजगी जताते हुए हंगामा किया। कुछ देर तक रेल पटरी पर बैठ गए। इससे ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित हुआ।
सिरसोती गांव निवासी देवचंद्र जायसवाल के परिवार के लोग रविवार की रात खाना खाने के बाद सो गए। पत्नी शांति देवी भी कमरे में सोई थी। सुबह एनटीपीसी रिहंद के एलसी गेट के पास (38) का शव रेलवे ट्रैक के किनारे पाया गया। वह रेलवे लाइन तक कैसे पहुंची, स्पष्ट नहीं हुआ है। गेटमैन निशार शेख व लाल बहादुर ने बताया कि सुबह तीन बजे सिंगरौली से कोयला लेकर मालगाड़ी पहुंची तो गेट बंद करते हुए ट्रेन को आगे रवाना किया गया था। तब लाइन साफ था, उसके आसपास कोई नहीं था। करीब 15 मिनट में ट्रेन गुजरने के बाद महिला की लाश देखी गई। गेटमैन ने इसकी सूचना सीआईएसएफ कंट्रोल रूम को दी। मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर थाने ले आई। सूचना पाकर महिला के परिजन भी मौके पर पहुंचे। महिला के पति व ससुर दीनदयाल ने पुलिस पर बिना सूचना दिए शव को हटाने पर नाराजगी जताते हुए रेलवे ट्रैक पर ही बैठ गए। इस मामले में प्रभारी निरीक्षक भैया एसपी सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टिया मामला एक्सीडेंट का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।