म्योरपुर। दशहरे पर पूरे देश में जब रावण का पुतला जलाया जाएगा, तब सोनभद्र के आदिवासी अंचल में उसकी प्रतिमा की स्थापना कर पूजा की जाएगी। गोंडवाना स्टूडेंट यूनियन की ओर से जामपानी गांव में स्थापना के लिए रावण की प्रतिमा तैयार कराई गई है। आयोजकों का कहना है कि रावण उनके पूर्वज थे। उनमें तमाम अच्छाइयां थीं, जिनसे सीख लेने की जरूरत है।
म्योरपुर क्षेत्र के जामपानी गांव के बड़ा देव स्थल स्थित विया पहाड़ी पर रावण की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसकी तैयारी जोरों पर चल रही है। गोंडवाना स्टूडेंट यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष जयमंगल उरेती ने कहा कि रावण हमारे पूर्वज हैं। उनको उचित स्थान मिले, इसे लेकर हर वर्ष पूजा की जाती है। अब जामपानी गांव में उनकी प्रतिमा स्थापित की जाएगी, ताकि नियमित पूजन हो सके। बताया कि पूजा का कार्यक्रम रासपहरी, बभनडीहा आदि स्थानों पर भी होगा। मुख्य आयोजन जामपानी गांव में किया जा रहा है। यह कार्यक्रम जवाहर मरकाम, मेहीलाल मरावी, धर्मजीत आयम, मोतीलाल मरावी आदि की देखरेख में होगा।