सोनभद्र। सांख्यिकी एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्रालय भारत सरकार की ओर से सीएससी ई- गवर्नेंस सर्विस इंडिया लिमिटेड के जरिए होने वाली सातवीं आर्थिक गणना का शुभारंभ बृहस्पतिवार को चोपन नगर में हुआ। वीएलई सावित्री देवी ने बताया कि प्रगणक घर-घर जाकर प्रत्येक परिवार के क्रियाकलापों की जानकारी एप में दर्ज करेंगे। तीन चरणों में गणना को आधार बनाया जाएगा। कृषि विभाग, सरकारी क्षेत्र को छोड़कर असंगठित क्षेत्र में चल रहे कार्यों की गणना सम्मिलित की जाएगी। आर्थिक गणना के तहत रेहड़ी, पटरी पर होने वाले छोटे-मोटे कारोबार समेत देश की भौगोलिक सीमा में स्थित सभी व्यावसायिक इकाइयों, प्रतिष्ठानों की गिनती की जाती है। इससे कारोबारी प्रतिष्ठान की आर्थिक गतिविधियों, मालिकाना हक़, इसमें लगे लोगों आदि के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलती है। इस गणना के जरिए प्राप्त सूचना सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए वृहद योजना बनाने में उपयोगी साबित होती है।