सोनभद्र। जनपद स्तरीय ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन 30 और 31 दिसंबर को विशिष्ट खेल स्टेडियम तियरा राबर्ट्सगंज के खेल मैदान में किया गया। 30 दिसंबर को एथलेटिक्स, वालीबाल, कबड्डी खेलविधा की प्रतियोगिता पुरूष एवं महिला वर्ग में आयोजित की गई। ब्लाक स्तरीय खेल प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। 31 दिसंबर को कुश्ती एवं भारोत्तोलन विधा की प्रतियोगिता संपन्न हुई। वालीबाल बालक वर्ग में म्योरपुर ब्लॉक की टीम प्रथम एवं चोपन ब्लॉक की टीम द्वितीय स्थान पर रहीं। बालिका वर्ग में घोरावल ब्लॉक की टीम प्रथम एवं राबर्ट्सगंज की टीम द्वितीय स्थान पर रहीं। कबड्डी बालक वर्ग में घोरावल की टीम प्रथम एवं राबट़र्सगंज की टीम द्वितीय स्थान पर रही। बालिका वर्ग में घोरावल की टीम प्रथम एवं राबर्ट्सगंज ब्लॉक की टीम द्वितीय स्थान पर रही। विजेता खिलाड़ियों को जिला पंचायत अध्यक्ष अमरेश सिंह पटेल ने प्रमाण-पत्र, मेडल, ट्रॉफी एवं पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल में अपना परचम लहराने एवं जनपद का नाम रोशन करने के लिए आह्वान किया। जिला युवा कल्याण अधिकारी शशिभूषण शर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया।