सोनभद्र। राबर्ट्सगंज ब्लॉक के बरहदा गांव के ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान व सेक्रेटरी के खिलाफ बुधवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इसके बाद छह सूत्री ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। ग्रामीणों का आरोप है कि राज्य वित्त एवं 14वां वित्त से शौचालय निर्माण में बड़े पैमाने पर अनियमितता बरती गई है। मानक के विपरीत गांव में खड़ंजा बिछाया गया है। मजदूरों का भुगतान भी मनमाने तरीके से करने, तालाब का सुंदरीकरण कार्य कागज पर कराने सहित अन्य विकास कार्यों में गड़बड़ी करने का ग्रामीणों ने आरोप लगाया। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि साइकिल और सौर ऊर्जा के नाम पर 120 रुपये की वसूली की जा रही है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से शिकायत की बिन्दुवार जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। प्रदर्शन एवं ज्ञापन देने वालों में मुख्य रूप से हीरामन, लक्ष्मण प्रसाद, इंद्रबहादुर, प्रीति सिंह, गीता देवी, रंभा देवी, संगीता, लालबहादुर, आशुतोष गिरी, रेखा आदि शामिल रहे।