सोनभद्र। सुकृत पुलिस चौकी के गुलरहवा गांव के समीप एक पोल्ट्री फार्म पर शनिवार की रात असलहों से लैश कुछ युवक धमक पड़े। उन्होंने एक कर्मी को लाल स्याही से लिखा धमकी भरा एक पत्र देकर मालिक से ढाई लाख रुपये की मांग की है। इसके बाद वे लोग कर्मी का मोबाइल, कुछ समान लेकर फरार हो गए। रविवार को घटना की सूचना पुलिस को मिली। पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर कर्मी से पूछताछ की। अभय सिंह की गुलरहवा गांव के समीप पोल्ट्री फार्म है। रविवार को पुलिस को सूचना मिली की शनिवार की रात में छह-सात युवक असलहों से लैश होकर अभय के पोल्ट्री फार्म पर पहुंच कर वहां पर मौजूद एक कर्मी को धमकी भरा एक पत्र सौंपा। लाल स्याही से लिखे धमकी भरे पत्र में फार्म के मालिक से करीब ढाई लाख रुपये की डिमांड की गई है। मांगें पूरी न होने पर जान से मारने की धमकी दी गई है। अज्ञात व्यक्ति के नाम से पत्र है। जाते वक्त असलहाधारी कर्मी का मोबाइल और कुछ सामान उठा ले गए। दोपहर बाद पीड़ित ने घटना की जानकारी पुलिस को दी तो हड़कंप मच गया। एएसपी ओपी सिंह, सीओ राजकुमार तिवारी, कोतवाल मिथिलेश मिश्रा घटनास्थल पर पहुंच कर जांच करने में जुट गए। कुछ ही देर बाद एसपी भी पहुंच गए। पुलिस अधीक्षक ने फार्म के मालिक और कर्मी से पूछताछ कर कोतवाल को मुकदमा दर्ज कर घटना का पर्दाफाश करने का निर्देश दिया। अभय सिंह ने तहरीर दी है। इस मामले में पुलिस संदिग्ध कुछ लोगों को चिह्नित कर उनकी तलाश करने में जुट गई है।