राबर्ट्सगंज सीएमओ कार्यालय में आयुष्मान कार्ड टीम को सम्मानित करते सीएमओ डॉ.रमेश सिंह ठाकुर।
- फोटो : SONBHADRA
प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत चार साल पूरा होने के उपलक्ष्य में 15 से 30 सितंबर तक प्रदेश में आयुष्मान पखवाड़ा चलाकर आयुष्मान कार्ड बनाया जा रहा है। अब तक दो दिनों के शिविर में सोनभद्र प्रदेश में 13वें स्थान पर पहुंच गया है। इस उपलब्धि पर शनिवार को सीएमओ डॉ. आरएस ठाकुर ने आयुष्मान टीम को पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया।
सीएमओ डॉ. आरएस ठाकुर ने बताया कि प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत शुरू हुए पखवाड़े में दूसरे दिन जिले भर में 1965 कार्ड बनाने के साथ ही पूरे प्रदेश में 13वां स्थान जनपद सोनभद्र को मिला। इस उपलब्धि पर जिले की आयुष्मान टीम का उत्साहवर्धन किया गया।
जिले के आयुष्मान नोडल डॉ. एपी सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने 15 दिन तक चलने वाले इस अभियान में दूसरे दिन बेहतर प्रदर्शन किया। डॉ. एपी सिंह ने बताया कि प्रदेश के पिछड़े जिलों में सोनभद्र को पहला स्थान मिला है। जिसके तहत आयुष्मान कार्ड में लगे टीम को और मेहनत पूर्वक कार्ड बनाने को लेकर प्रेरित किया गया। इस मौके पर जितेंद्र कुशवाहा, रजत मिश्रा, स्नेहा मंजूल आदि मौजूद रहे।