स्थानीय खेल मैदान में चल रहे 78वां श्री राजा बरियार शाह अंतर्राज्यीय फुटबॉल टूनामेंट के चौथे दिन बुधवार को तीन मैच खेले गए। पहला मुकाबला भवनाथपुर (झारखंड) और राॅबर्ट्सगंज के बीच खेला गया। मैच के पहले हाॅफ के खेल में राॅबर्ट्सगंज के खिलाड़ियों ने चार गोल दागकर अपने टीम को बढ़त दिलाया। वहीं भवनाथपुर के खिलाड़ियों ने काफी प्रयास करते हुए एक गोल दाग कर यह मैच 1-4 पर रहा। वहीं दूसरे हाॅफ के मैच में राॅबर्ट्सगंज के खिलाड़ी ने पुनः एक गोल दागकर अपने टीम को यह मैच 5-1 कर दिया। इस तरह से यह मैच राॅबर्ट्सगंज ने भवनाथपुर को 4 गोल से हराकर अगले चक्र में प्रवेश किया। टूर्नामेंट का दूसरा क्वार्टर फाइनल मैच डंडई और मिर्जापुर के बीच खेला गया। इसमें मैच के पहले हाॅफ के खेल में डंडई के 15 नंबर जर्सी के खिलाड़ी पवन सिंह ने एक गोल दागकर अपने टीम को 1-0 से बढ़त दिलाए। वहीं मैच के दूसरे हाॅफ के खेल में डंडई के 17 नंबर जर्सी के खिलाड़ी अंकित ने दूसरा गोल दागकर 2-0 से बढ़त बनाया। इस तरह दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने अपना प्रयास करते रहे। अन्ततः यह मैच डंडई ने मिर्जापुर को 2-0 गोल से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। तीसरा मैच महुली बी टीम और प्रतापपुर के बीच खेला गया। इसमें प्रतापपुर ने 3-2 गोल से महुली बी टीम को हराकर अगले चक्र में प्रवेश कर लिया। इस सभी मैचों के रेफरी दीपक सिंह और लाइंसमेन राजनाथ गोस्वामी, राजकपूर कनौजिया एवं विजेंद्र कनौजिया ने निभाई। इस मौके पर क्लब के अध्यक्ष अरविंद जायसवाल, सचिव कमलेश विश्वकर्मा, उपाध्यक्ष वीरेंद्र कनौजिया, पंकज गोस्वामी, अमित कुमार आदि उपस्थित रहे।