ओबरा। विधि के विधान के सामने किसी की नहीं चलती। कुछ ऐसी ही स्थिति चोपन सोन नदी घाट पर उस समय बनी जब मां के दाह संस्कार के दौरान बेटे ने भी दम तोड़ दिया। अचानक हुई इस घटना से लोग सकते में आ गए।
ओबरा नगर के वीआईपी रोड निवासी राजेश कुमार गुप्ता (45) की मां हीरामणि देवी (80) का निधन हो गया था। मंगलवार को उनका दाह संस्कार करने के लिए सभी लोग चोपन सोन नदी घाट पर गए थे। मां को मुखाग्नि देने के बाद राजेश कुछ दूर पर जा कर बैठ गए। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। साथ आए लोग उन्हें तत्काल चोपन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। अभी कुछ माह पूर्व ही उनके पिता हनुमान प्रसाद का निधन हो गया था। अब एक ही दिन मां और बेटे की मौत से लोग हतप्रभ हैं। उधर, अस्पताल से मेमो मिलने के बाद पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है।