घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर बीते चौबीस घंटों में सर्पदंश से नौ लोग अचेत हो गए। सभी को ख़िरीहिटा गांव में जड़ी बूटियों से उपचार करने वाले एक वैद्य के यहां भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह मुंगेहरी निवासी रामलोटन (65), ख़िरीहिटा निवासी आशुतोष (18) को सांप ने डस लिया। इसी तरह धीरज (18) को खेत में मेड़ पर जाते समय दाएं पैर में विष खोपड़े ने काट लिया। उधर रविवार को राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के उंचडीह नीलम (17) को चारपाई पर सोते समय सांप ने बांह में काटा। गड़मा निवासी सुकुआरी (32) को खेत में काम करते समय दाएं हाथ में सांप ने काट लिया। पडवनिया निवासी दीपू (8) को रविवार शाम खेत में काम करते समय विष खोपड़े ने काट लिया। सोतिल निवासी राजकुमार (35) को घर में लकड़ी हटाते समय दाएं हाथ में विष खोपड़ा ने काट लिया। मिर्जापुर जिला के मड़िहान थाना क्षेत्र के अमदहा निवासी संगीता (25) को घर में ही दीवार से निकल कर सांप ने काटा। करमा थाना क्षेत्र के सिरसिया जेठी निवासी राजमती (30) को खेत में काम करते समय सांप ने डस लिया। सभी को ख़िरीहिटा गांव में जड़ी बूटियों से नि:शुल्क उपचार करने वाले वैद्य देवधारी के यहां भर्ती कराया गया, जहां सभी की हालत ठीक बताई गई है।