अनपरा। 2630 मेगावाट की अनपरा तापीय परियोजना की 500 मेगावाट की छठवीं इकाई तकनीकी कारणों से बुधवार को बंद हो गई जिससे इस इकाई से उत्पादन ठप हो गया। अनपरा तापीय परियोजना केसीजीएम दीपक कुमार ने बताया कि बुधवार की सुबह नौ बजे अनपरा डी की छठवीं इकाई ब्वायलर टयूब लिकेज के कारण बंद करनी पड़ी। इस इकाई को उत्पादनरत करने का प्रयास जारी है। शुक्रवार की देर शाम तक इस इकाई को उत्पादनरत कर लिया जायेगा। इस दौरान 210 मेगावाट की दूसरी इकाई से 178 मेगावाट तथा तीसरी इकाई से 182 मेगावाट,500 मेगावाट की चौथी इकाई से 433 मेगावाट तथा पांचवी इकाई से 478 मेगावाट का विद्युत उत्पादन किया जा रहा था। जबकि 210 मेगावाट की पहली इकाई एक माह से अनुरक्षण कार्य के लिए बंद है तथा अनपरा डी की सातवीं इकाई लगभग 14 महीने से बंद है। परियोजना का उत्पादन 2630 मेगावाट के सापेक्ष 1260 मेगावाट का विद्युत उत्पादन चार इकाईयो से किया जा रहा था। प्रदेश में बिजली की डिमांड 14772 मेगावाट रही।