वन क्षेत्र के अंतर्गत करमा क्षेत्र के अतरैला गांव में मंगलवार दोपहर आवासीय बस्ती में एक किसान के घर में छह फीट लंबा मगरमच्छ मिला। सूचना मिलते ही मौके पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और उसे पकड़कर मुक्खा फाल के जलाशय में छोड़ दिया।
अतरैला गांव में आवासीय बस्ती में सतेंद्र पटेल के घर में मंगलवार की दोपहर में करीब छह फीट लंबा मगरमच्छ घुस गया। परिजनों ने दरवाजे के रास्ते घर में घुसते मगरमच्छ को देखा। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। मगरमच्छ मिलने की जानकारी वन विभाग को दी गई।
वन क्षेत्राधिकारी सूरजू प्रसाद के निर्देश पर वन्य जीव रक्षक अभिलाष वर्मा, ओमप्रकाश विश्वकर्मा, दशरथ पाल ओमप्रकाश पाल व दयाशंकर की टीम मौके पर पहुंच कर रस्सी, बोरे व बांस के सहारे करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद मगरमच्छ को पकड़ लिया।
वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि अतरैला गांव में आवासीय बस्ती से छह फीट लंबा मादा मगरमच्छ पकड़ा गया, जिसे मुक्खा फाल के दह में छोड़ दिया गया। उन्होंने बताया कि इस समय बेलन नदी, बकहर नदी व तालाबों के आस पास आवासीय बस्ती और खेतों में मगरमच्छ के भटक कर आने का खतरा अधिक है। इसलिए लोग सतर्क रहें और कहीं भी मगरमच्छ दिखाई दे तो तत्काल वन विभाग को सूचना दें।