दुद्धी तहसील में अधिकारियों को समस्याएं बताते फरियादी। संवाद
दुद्धी। संपूर्ण समाधान दिवस में शनिवार को डीएम चर्चित गौड़ और एसपी अभिषेक वर्मा ने जनसमस्याएं सुनते हुए शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई होगी। यहां कुल 89 शिकायतें आई, जिनमें से आठ का निस्तारण हुआ। डीएम ने उन्होंने राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर विवादित मामलों का मौके पर जाकर निष्पक्ष निस्तारण करने के निर्देश भी दिए। बभनी के चैनपुर निवासी नंदलाल प्रजापति ने बताया कि मुख्य मार्ग से रमाशंकर के घर तक जाने वाली सड़क का निर्माण पीडब्ल्यूडी ने कुछ वर्ष पूर्व कराया था। सड़क के बीच में गांव के ही एक व्यक्ति ने धान रोपकर रास्ता बाधित कर दिया है। भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक शाह ने कनहर नदी स्थित श्मशान घाट मार्ग पर स्ट्रीट लाइट और दुद्धी कस्बे में बस स्टैंड की मांग की। सभासद प्रेम नारायण सिंह मोनू ने जीआईसी मार्ग, हेलीपैड मार्ग और डीसीएफ कॉलोनी मार्ग की जर्जर स्थिति की शिकायत की।