विंढमगंज। भारती इंटरमीडिएट कॉलेज के खेल मैदान पर चल रहे बाबा डीहवार नाइट कास्को क्रिकेट प्रतियोगिता के छठवें दिन शुक्रवार की रात सिंगरौली की टीम ने जीत दर्ज की। रोमांचक मुकाबले में राबर्ट्सगंज की टीम को हराया। तीन विकेट लेने वाले सिंगरौली के शिवम को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए हर हर महादेव क्रिकेट क्लब राबर्ट्सगंज ने 10 ओवर में 52 रन बनाए। क्षेत्ररक्षण करते हुए सिंगरौली जयंत क्रिकेट क्लब के दीपक ने दो व शिवम ने 3 विकेट चटकाए। जवाब में खेलने उतरी सिंगरौली जयंत क्लब ने महज छह ओवर में छह विकेट गंवाकर मैच अपने नाम किया। सिंगरौली जयंत क्लब की ओर से चंदन कुमार ने सर्वाधिक 26 रन का योगदान दिया। मैच समाप्ति के बाद टूर्नामेंट के अध्यक्ष राकेश कुमार केसरी उर्फ बल्लू केसरी, उपाध्यक्ष दीपक कुमार गुप्ता ने मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार खिलाड़ी शिवम को प्रदान किया।