जरहां में चल रहे क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन-6 में मंगलवार को हुए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। पहला लीग मैच बीसीसी बभनी और डोडहर बीजपुर के बीच खेला गया। टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए डोडहर ने 10 ओवर में 10 विकेट खोकर 85 रन बनाए। जवाब में बीसीसी बभनी ने संघर्षपूर्ण खेल दिखाते हुए 7 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर जीत दर्ज की। दूसरे मैच में एससीसी सिंगरौली और वाड्रफनगर आमने-सामने थे। सिंगरौली ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया। वाड्रफनगर की टीम 8 ओवर में 7 विकेट खोकर 72 रन ही बना पाई। लक्ष्य का पीछा करते हुए सिंगरौली ने 7.4 ओवर में मैच अपने नाम कर लिया। संजय सोनी को 22 रनों की उपयोगी पारी और 2 विकेट झटकने के लिए मेन ऑफ द मैच चुना गया। क्वार्टर फाइनल में बीसीसी बभनी और एससीसी सिंगरौली आमने-सामने उतरे। टॉस जीतकर बभनी ने बल्लेबाजी करते हुए 6 ओवर में 61 रन बनाए। जवाब में सिंगरौली ने 4.5 ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। इस मैच में सूरज तिवारी ने 35 रन की आतिशी पारी खेली। मैचों के दौरान अंपायर की भूमिका मोहम्मद अजीज, रमेश गुप्ता और सूरज दुबे ने निभाई। कमेंट्री रंजीत, आशिफ और धनंजय शर्मा ने की, जबकि स्कोरिंग सोनू और मुकेश ने किया।