सोनभद्र। पूर्व मध्य रेलवे धनबाद मंडल अंतर्गत चोपन रेलवे स्टेशन पर अब सिक लाइन का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए धनबाद मंडल प्रशासन ने 3.5 करोड़ का टेंडर कराते हुए कार्यादेश जारी कर दिया है। जल्द ही चोपन रेलवे स्टेशन पर सिक लाइन का निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। इसका निर्माण होने से ट्रेन की बोगियों में आई खामियों का रिपेयर चोपन में ही कराया जा सकेगा।
राष्ट्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री काउंसिल (एनआरयूसीसी) रेल मंत्रालय के सदस्य श्रीकृष्ण गौतम ने बताया कि चोपन रेलवे स्टेशन पर लगभग 13 करोड़ की लागत से वॉशिंग पिट का निर्माण कराया गया है। वॉशिंग पिट का लोकार्पण प्रधानमंत्री मोदी के हाथों कराए जाने के लिए के लिए की तैयारी चल रही है।
उन्होंने बताया कि स्टेशनों पर बने पिट लाइन को वॉशिंग लाइन भी कहा जाता है। यह खुला रेलवे डंपिंग यार्ड होता है, जहां ट्रेनों के रवाना होने से पहले उसकी सफाई कर नए सिरे से डिब्बे तैयार करने, उसका रखरखाव, सीवेज के पानी को बाहर निकालने, कोच की जांच व मरम्मत, वाशरूम की सफाई के साथ सभी डिब्बों की गहन जांच की सुविधा मिलती हैं।
वाशिंग लाइन में ट्रेन के बोगियों की सफाई व तकनीकी जांच होती है। जांच में खामी मिलने पर उसे सिक लाइन पर रिपेयर के लिए भेज दिया जाता है। बताया कि सिक लाइन के लिए धनबाद मंडल की तरफ से 3 करोड़ 50 लाख रुपये लागत से टेंडर कर कार्यादेश जारी कर दिया गया है। इस पर शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ होगा।