सोनभद्र। दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति को सस्ते दाम पर सोना खरीदने की लालच भारी पड़ गई है। ठग ने नकली सोने की 18 गिन्नियां देकर पांच लाख रुपये ठग लिए। एसपी के निर्देश पर केस दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।
एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में दुद्धी थाना क्षेत्र के रजखड़ निवासी बृजेश कुमार ने बताया कि दस अक्तूबर की सुबह 11 बजे उसके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से फोन आया। सामने वाले ने खुद को घोरावल थाना क्षेत्र के जुड़िया गांव निवासी पवन बताते हुए कहा कि उसके घर के बगल में रहने वाला एक व्यक्ति दवा इलाज कराने के लिए अपने घर का पुश्तैनी सोना बेच रहा है।
अगले दिन पवन सोने का कुछ टुकड़ा लेकर उसके घर आ गया। वहां अपनी परेशानी का कारण बताते हुए सोना लेने के लिए निवेदन किया। बृजेश ने सोने के टुकडे की जांच कराई तो वह सही निकला। उसके बाद बृजेश को आरोपी ने जुड़िया गांव के पोखरे पर बुलाकर पांच लाख में 18 पीस सोने का टुकडा दे दिया। जब पीड़ित दो पीस लेकर पुनः जांच कराने गया तो वह नकली निकला। आरोप है कि कुछ दिन तक पवन के मोबाइल पर संपर्क नहीं हो सका। मोबाइल बंद बता रहा है। पुलिस ने आरोपी पवन के विरुद्ध संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है।