उर्वरक की दुकानों पर जांच पड़ताल करते कृषि विभाग के अधिकारी।- सोशल मीडिया।
कृषि विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को जिलेभर में जांच अभियान चलाया। अधिक मूल्य पर खाद बिक्री की शिकायत मिलने पर पड़री स्थित सिंह खाद भंडार का लाइसेंस निलंबित कर प्रतिष्ठान को सील कर दिया, जबकि तीन अन्य उर्वरक विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया। उप कृषि निदेशक विकेश कुमार सिंह पटेल के नेतृत्व में टीम ने जिले के निजी उर्वरक प्रतिष्ठानों और सहकारी समितियों का निरीक्षण किया। अभियान के दौरान सदर, लालगंज और मड़िहान तहसील क्षेत्र के कुल 30 उर्वरक प्रतिष्ठानों की जांच की। जिला कृषि अधिकारी डॉ. अवधेश कुमार यादव ने कहा कि यदि किसी दुकान पर निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर उर्वरक के साथ अन्य उत्पाद लेने का दबाव बनाया जाए तो किसान इसकी शिकायत विकास खंड के सहायक विकास अधिकारी (कृषि) या जिला कृषि अधिकारी कार्यालय में करें।